उत्तर प्रदेश के 14वें मंत्री कोरोना पॉजिटिव, कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने किया ट्वीट
कानपुर। कोरोना वायरस संक्रमण का प्रसार प्रदेश में गति पकड़ चुका है। इसकी चपेट में आम लोगों के साथ मंत्री तथा प्रशासन व पुलिस के अधिकारी भी आ रहे हैं। प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना भी कोरोना वायरस के संक्रमण में आ गए हैं। वह प्रदेश सरकार के 14वें मंत्री है, जो कि संक्रमण की चपेट में हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। वह फिलहाल लखनऊ में अपने सरकारी आवास में होम क्वॉरंटाइन रहेंगे। उनके स्टॉफ के तीन सदस्य भी कोरोना संक्रमित हैं। उन्होंने बीते दिनों में संपर्क में आए लोगों से कोरोना जांच कराने की अपील की है।
कानपुर निवासी मंत्री सतीश महाना ने शुक्रवार को दिन में अपनी व स्टॉफ के 13 लोगों की कोरोना जांच कराई गई थी, जिसमें सभी को निगेटिव बताया गया था। इसके बाद दोबारा सैंपल देने के बाद वह लखनऊ से लाल बंगला के अपने आवास पर आ गए थे। यहां देर रात दूसरी जांच रिपोर्ट आने पर जानकारी दी गई कि उन्हेंं और स्टॉफ के तीन सदस्यों कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद वह लाल बंगला के घर से फिर लखनऊ चले गए हैं। उन्होंने सभी से अपील की है कि पिछले कुछ दिनों में जो लोग उनके संपर्क में आए हैं, सभी अपनी कोरोना जांच करा लें। फिलहाल सभी लोग लखनऊ में हैं।
मंत्री सतीश महाना के परिवार के कई सदस्य कोरोना संक्रमित हो गए थे, जो इस समय स्वस्थ हैं। औद्योगिक विकास मंत्री ने बताया कि उनके संक्रमित होने की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन पर बात की और तुरंत डॉक्टरों की टीम भेजने के लिए निर्देश दिए हैं। इसके साथ स्वास्थ्य मंत्री ने भी उनका हाल जाना है।
इससे पहले गुरुवार को यूपी सरकार के 13वें मंत्री के तौर पर सिद्धार्थ नाथ सिंह भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। वह प्रयागराज में थे और अब लखनऊ में हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी की थी। बुधवार को प्रदेश के पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी तथा मंगलवार को प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह भी कोरोना पॉजिटव पाए गए थे। इनको संजय गांधी पीजीआई, लखनऊ में भर्ती करवाया गया था।
इनसे पहले प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धरम सिंह सैनी, रघुराज सिंह शाक्य तथा खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी कोरोना पॉजिटिव थे। उत्तर प्रदेश सरकार के दो मंत्रियों कमल रानी वरुण और चेतन चौहान की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.